सहारनपुर। पांवधोई नदी पर बने पुल खुमरान के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स और कर्मचारियों की टीम पिछले दो दिन से पुल के पास डेरा डाले है। जेसीबी से पुल के आसपास की सफाई की जा रही है। गौरतलब है कि पुल को फोरलेन बनाया जाना है।
पुल खुमरान करीब 80 वर्ष पुराना है, जिसकी वजह से अब यह कमजोर हो चुका है। यातायात बढ़ने की वजह से पुल पर प्रतिदिन जाम रहता है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में पुल खुमरान के चौड़ीकरण का निर्णय लिया गया था। पुल को फोरलेन बनाया जाना है, जिसके निर्माण का जिम्मा पीडब्ल्यूडी को दिया गया है। पुल के चौड़ीकरण के लिए नगर निगम ने पिछले दिनों इसके आसपास हुए अतिक्रमण और कुछ दुकानों को ध्वस्त किया था। पिछले दो दिन से पीडब्ल्यूडी की टीम पुल के पास डेरा डाले हुए है। चौड़ीकरण के लिए काम शुरू भी कर दिया गया है।
पुल के चौड़ीकरण के लिए हमारी टीम ने काम शुरू कर दिया है। पुल के पास से पानी की लाइन जा रही है, जिसको शिफ्ट करने में थोड़ी परेशानी आ रही है। लाइन शिफ्ट होने के बाद काम में तेजी लाई जाएगी।
- केके त्यागी, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।
गड्ढे पर ढक्कन रखने की मांग
सहारनपुर। दासमंडी पुल से मोरगंज की ओर जाने वाले रास्ते पर गहरा गड्ढा खुला है, जिसमें गिरकर लोग प्रतिदिन चोटिल हो रहे हैं। वैश्य अग्रवाल सभा की बैठक में मुद्दा उठाया गया। बैठक के बाद त्रिलोकचंद गुप्ता की ओर से महापौर और नगरायुक्त को पत्र लिखकर गड्ढे पर ढक्कन रखवाने की मांग की गई है।