सहारनपुर। सोमवार की रात को अचानक रेलवे स्टेशन पर स्थित स्टॉलों की बिजली की सप्लाई काट दी गई। जिससे स्टाल संचालकों में हड़कंप मच गया। सभी स्टॉल बंद कर दिए गए।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर आठ स्टॉल हैं। सोमवार की रात को किसी दुर्घटना की आशंका के चलते बिजली की सप्लाई काट दी गई। रेलवे सूत्रों के अनुसार अंबाला रेलवे स्टेशन के स्टॉल पर बिजली के फाल्ट से एक हादसा हो गया था। जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सहारनपुर स्टेशन पर बिजली की सप्लाई काट दी गई। बताया जा रहा है कि सुरक्षा स्थिति से पूरी तरह से आश्वस्त होने के लिए सप्लाई बंद की गई। स्टॉलों की सप्लाई बंद होने से हड़कंप मच गया। तुरंत सभी स्टॉलों को बंद कर दिया गया। स्टॉल संचालकों ने इसकी शिकायत वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक से की। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व सहारनपुर रेलवे स्टेशन के स्टॉलों और रेहड़ियों पर रखे सुरक्षा के मद्देनजर गैस सिलिंडर के रखे जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई थी। गैस सिलेंडर बंद होने से भी स्टॉल संचालक काफी परेशान हैं। सीनियर डीसीएम व सीएमआई के निर्देश पर स्टॉलों पर इलेक्ट्रॉनिक मशीन लगाई गई। वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह ने बताया कि स्टॉलों की बिजली कटने के बारे में जानकारी मिली है। शीघ्र ही इस समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।