लोगाें के विरोध पर शौचालय का निर्माण रुकवाया
सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर वक्फ बोर्ड की जमीन पर स्थित धार्मिक स्थान के पास शौचालय बनाने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा के सामने वक्फ बोर्ड की जमीन है। यहीं पर एक विशेष वर्ग का धार्मिक स्थल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि इस जमीन को लेकर कोर्ट में स्टे भी चल रहा है। आरोप है कि रविवार को धार्मिक स्थल के प्रबंधकों ने इस मार्ग पर शौचालय बनाने के लिए टीन शेड डालने का प्रयास किया। इसके बराबर में स्थित दूसरे समुदाय के व्यक्ति के मकान की दीवार हटाने की कोशिश की गई तो विरोध शुरू हो गया।
दूसरे समुदाय के लोग एकत्रित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। क्षेत्र के लोगों ने स्टे का हवाला दिया तो पुलिस ने भी काम को रुकवा दिया और यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने मामला शांत करा दिया है। लेकिन लोगों में मामले को लेकर आक्रोश बना हुआ है।