सहारनपुर। गंगोह के गांव हाजीपुर के ग्रामीणों ने न्यायिक तहसीलदार सदर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए बुधवार को उनके कार्यालय के बाहर धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोबाइल टावर को लेकर चल रही एक जांच की एवज में रिश्वत की मांग की गई।
बुधवार को न्यायिक तहसीलदार के कार्यालय के बाहर धरना दे रहे ग्रामीण सत्यपाल आदि ने कहा कि मोबाइल टावर को लेकर उनका एक मामला न्यायिक तहसीलदार के यहां विचाराधीन है। आरोप लगाया कि मामले को उनके पक्ष में करने के लिए उनसे रिश्वत की मांग की गई और ऐसा नहीं करने पर मुकदमा खिलाफ करने की धमकी भी दी गई। धरने पर बैठने वालों में रविन्द्र कुमार, मनोज ठाकुर, राजपाल सिंह आदि रहे। उधर, न्यायिक तहसीलदार सदर ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि उन्होंने रेस्टोरेशन को खारिज किया है, इसलिए उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि डीएम के आदेश पर टीम के साथ की गई पैमाईश के आधार पर मोबाइल टावर सरकारी जमीन में लगा पाया गया है। इसलिए उनके खिलाफ आरोप लगाया जा रहा है।