स्वयंसेवकों ने सद्भावना रैली निकाली
रामपुर मनिहारान। गोचर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से रविवार को घसौती गांव में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वयंसेवकों द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जेपी सिंह के निर्देशन में जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें आपसी सद्भाव बढ़ाने का संदेश दिया गया।
रैली के बाद हुई गोष्ठी में कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि हम सभी को आपस में भाईचारे एवं एकता का परिचय देना चाहिए। तभी गांव से लेकर शहर व शहर से लेकर पूरे देश में एक दूसरे के प्रति भाईचारे की भावना को जागृत हो सकती है। भाईचारे और सद्भाव से ही देश का विकास संभव है। उन्होंने शिविर के दौरान गांव में सफाई अभियान चलाया। हिमांशु कौशिक ने जल संरक्षण को बेहद जरूरी बताया। लघु नाटिका के माध्यम से भी जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अभिषेक कुमार, रवि वर्मा, सुभाष कुमार, पुष्पेंद्र कुमार आदि का सहयोग रहा है।