चिलकाना (सहारनपुर)। गांव फिरोजाबाद में प्रतिष्ठा का सवाल बने राशन डीलर की नियुक्ति के लिए हुए चुनाव में पूर्व प्रधान समर्थक ने 227 मत प्राप्त कर जीत हासिल कर ली।
पूर्व प्रधान तथा वर्तमान प्रधान समर्थक अपने-अपने पक्ष के राशन डीलर को चुनने के लिए पंचायत भवन में एकत्र हुए थे। शुक्रवार को एसडीओ पंचायत संजीव कुमार सैनी, ग्राम पंचायत सचिव विंकित कुमार सहित थाना पुलिस तथा पीएसी की मौजूदगी में डीलर का चुनाव शुरू हुआ। चुनाव शुरू होते ही दोनों पक्षों के समर्थकों में शोरशराबा हो गया। संघर्षपूर्ण चुनाव में पूर्व प्रधान हरीचंद समर्थक साजिद राव को 758 तथा वर्तमान प्रधान मंजूर कुरैशी समर्थक रतन सैनी को 531 मत प्राप्त हुए। चुनाव खत्म होते ही दोनों पक्षों के समर्थकों ने शोरशराबा शुरू कर दिया। पुलिस और पीएसी के जवानों ने लोगों को शांत किया। राशन डीलर को लेकर हुए गांव में चुनाव में तनाव के कारण चुनाव अधिकारी एडीओ पंचायत ने मौके पर परिणाम को घोषित नहीं किया था। उस समय परिणाम को सुरक्षित रख लिया गया था। बाद में एडीओ पंचायत ने संपर्क किए जाने पर उक्त परिणाम की पुष्टि की।