सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्य को पूरी ईमानदारी और क्षमता के साथ करें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण में लापरवाही बरतने वाली आशा व एएनएम को चिह्नित कर दंडित करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले सामुदायिक, प्राइमरी चिकित्सा केन्द्रों के प्रभारियों को चिह्नित कर प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन व सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ विकास खंडों के प्रभारी अपने कार्यों के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। वे स्वयं अब सामुदायिक और प्राइमरी स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके निरीक्षण के दौरान किसी भी लापरवाही के लिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। टीकाकरण अभियान में जो भी कर्मी सहयोग नहीं कर रहे हैं उनका स्पष्टीकरण लेकर सख्त कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि बैठकों के माध्यम से बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी रिक्त आशा के पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले प्रभारियों के खिलाफ मुख्य चिकित्साधिकारी कार्रवाई करें। स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य जांच में शिक्षा विभाग द्वारा सहयोग न करने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एबीएसए से जवाब तलब किया और जमकर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि एएनएम की परफॉर्मेंस देखकर कार्रवाई की जाए। डीएम ने बॉयो मेडिकल बेस के कर्मियों की लापरवाही के लिए संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के साथ ही उसके भुगतान किए जाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिन विभागों के कर्मियोें द्वारा सघन मिशन इंद्रधनुष में सहयोग नहीं किया जाएगा। ऐसे कर्मियों को चिह्नित कर दंडित किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि वे गांवों में शौचालयों के निर्माण के समय पानी की निकासी का विशेष ध्यान रखने के लिए ग्राम प्रधानों को आवश्यक निर्देश भेज दें। उन्होंने कहा कि सुखेड़ी ग्राम में डेंगू के फैलने की अफवाह का निरीक्षण किया तो पाया कि सफाई के अभाव में अधिकांश बुखार के पीड़ित टॉयफायड से ग्रसित थे। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को रोकने के लिए चिकित्सक निरंतर ग्रामीणों के संपर्क में रहें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीएस सोढ़ी सहित सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व प्रभारी चिकित्साधिकारी मौजूद थे।
पेंशनर्स अपने जीवन प्रमाण पत्र कोषागार में स्वयं जमा कराएं
सहारनपुर । जनपद के ऐसे पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स जो कोषागार के द्वारा अपनी पेंशन बैंकों के माध्यम से प्राप्त कर रहे हैं, अपना जीवन प्रमाण पत्र माह नवंबर में किसी भी कार्य दिवस पर कोषागार में उपस्थित होकर आवश्यक रूप से जमा करा दें। मुख्य कोषाधिकारी पारसनाथ गुप्ता ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स द्वारा यदि माह नवंबर में जीवन प्रमाण पत्र नहीं जमा किया जाता है तो उनकी पेंशन भुगतान चालू रखा जाना संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि पेंशनर्स अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के साथ अपने पेंशन वाली बैंक पास बुक व एक पासपोर्ट साइज का फोटो लेकर कोषागार कार्यालय में आएं।