महापंचायत के लिए भाकियू कार्यकर्ता लखनऊ रवाना
सहारनपुर। एस स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को लखनऊ के झूले लाल पार्क में होने वाली किसान महापंचायत में भाग लेने के लिए रविवार को बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता रवाना हुए।
रेलवे स्टेशन पर लखनऊ रवाना होने से पर्व आयोजित बैठक में वक्ताओं ने भाजपा पर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने से पहले किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में भाजपा ने वादा किया था कि एस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू किया जाएगा। प्रदेश में हुए चुनाव के समय सीमांत और लघु किसानों के सभी केसीसी का ऋण माफ करने का वादा भी भाजपा ने किया था। देश और प्रदेश के किसानों ने दोनों जगह भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनवा दी है। इसके बावजूद किसानों के साथ किए गए भाजपा के वादे झूठे साबित हो रहे हैं। उन्होंने सभी लघु एवं सीमांत किसानों का सारा कर्ज माफ करने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने और स्वामीनाथ आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की मांग की। अशोक कुमार, मेवाराम, प्रवीण कुमार, गुड्डू चौधरी, बबली, नेत्रपाल, बृजपाल सैनी, प्रदीप ठाकुर, महीपाल, मनोज, रघुवीर सिंह, नाथीराम, विपिन आर्य, ऋषिपाल, योगेश कुमार आदि रहे।