तैयार हो रहा शब्बीरपुर के विकास का खाका
सहारनपुर। जातीय हिंसा में झुलसे शब्बीरपुर गांव की सूरत बदलने के लिए अब प्रशासन के साथ ही सांसद की ओर से भी कवायद शुरू की गई है। 23 मई को सांसद आदर्श ग्राम की घोषणा के बाद अब तक गांव में विकास का खाका बना लिया गया है। अगर सब कुछ सही रहा तो शब्बीरपुर न केवल सहारनपुर बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का आदर्श गांव बन सकता है। हालांकि प्रशासन ने भी इस पूरी कवायद में अपनी ताकत झोंक रखी है। यही कारण है कि विकास के कार्यों में देरी किए बिना उन्हें हरी झंडी दिखाई जा रही है। सबसे अहम बात यह है कि गांव में सामाजिक समरसता बनाने के लिए विकास कार्यों को भी धुरी बनाया जा रहा है।
शब्बीरपुर गांव के विकास को लेकर खाका तैयार कर लिया गया है। इसमें सबसे पहले मूलभूत जरूरतें जैसे सड़क, शिक्षा, स्वच्छता, पेजयल सहित अन्य कामों पर फोकस लिया जा रहा है। जातीय हिंसा के बाद देशभर की सुर्खियों में आ चुके शब्बीरपुर के दामन पर लगे दाग को विकास से धोने की कवायद है। यही कारण है कि स्थानीय प्रशासन और सांसद राघव लखनपाल शर्मा के अलावा राज्य सरकार भी इस गांव के विकास को लेकर संजीदा है। यह कोशिश की जा रही है कि विकास कार्यों को धुरी बनाकर यहां सामाजिक समरसता की मिसाल भी पेश की जाए। इसके लिए गांव में कम्यूनिटी हाल, युवाओं के लिए खेल का मैदान सहित आपसी तालमेल बढ़ाने वाले कामों को प्राथमिकता दी जाएगी। सूत्रों की मानें तो प्रशासन ने शब्बीरपुर गांव के विकास के लिए एक कार्ययोजना राज्य सरकार को भेजी है, जिसके लिए अतिरिक्त फंड की भी मांग की गई है। यहां बता दें कि पांच मई को जातीय हिंसा के बाद सुर्खियों में आए शब्बीरपुर को लेकर सियासत भी पूरे चरम पर है। 23 मई को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के गांव पहुंचने से पहले सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने इस गांव को गोद लेने की घोषणा की थी।
मुख्य मार्ग से शुरू होगा काम
शब्बीरपुर गांव के मुख्य मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। गांव को खुले में शौचमुक्त करने के लिए टीम वहां का काम रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि 15 अगस्त तक यह काम पूरा हो जाएगा। पानी की टंकी, स्वायल कार्ड और आवास के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही शासन से सहमति मिलते ही इन पर काम शुरू हो जाएगा।
-----------------------------------
सीएसआर के जरिए भी होंगे काम
सहारनपुर की बड़ी औद्योगिक इकाइयों को भी शब्बीरपुर से जोड़ा जाएगा। इसमें उनके कारपोरेट सोशल रिसपांसबिलिटी के तहत भी गांव में काम कराया जाएगा। इसके अलावा गांवों में इन्हीं कंपनियों के जरिए रोजगार मुहैया कराने की भी कोशिश की जाएगी।
-----------------------------
हमने चार लोगों की समिति बनाकर गांव की आवश्यकताएं समझी और इसी आधार पर प्रस्ताव तैयार किया गया है। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लागू कराने के साथ ही इस गांव को आदर्श गांव के रुप में विकसित करने के लिए हर संभव कोशिश होगी। सहारनुपर में बड़ी औद्योगिक इकाइयां हैं जो गांव में ही रोजगार मुहैया करा सकती हैं। सभी दिशा में प्रभावी काम किया जा रहा है।
राघव लखनपाल शर्मा, सांसद
इसलिए सुर्खियों में है शब्बीरपुर
सामाजिक सरोकारों के तहत कराया जाएगा शब्बीरपुर का विकास। सांसद के गोद लिए गांव में शामिल है शब्बीरपुर। शब्बीरपुर के विकास की कार्ययोजना तैयार। जल्द ही अधिकारी गांव में जाकर तलाशेंगे संभावनाएं। हिंसा में झुलसे गांव के विकास के लिए सांसद लेंगे सभी का सहयोग।