संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में नशे के रोगियों को भर्ती करने के लिए 16 बेड का एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेंटर तैयार कर लिया है। सेंटर के लिए एक चिकित्सक, एक काउंसलर और छह स्टाफ नर्स की तैनाती हो गई है। अब दिल्ली एम्स में एक दिन की ट्रेनिंग होगी। उम्मीद है कि इसी महीने एटीएफ सेंटर शुरू हो जाएगा।
जिला अस्पताल में अभी तक एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेंटर बर्न वार्ड के एक कक्ष में नशा रोगियों को भर्ती करने की सुविधा थी। लेकिन, जनपद में नशे के रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ओपीडी में रोजाना नशे के रोगी बढ़ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडलायुक्त के प्रयास से जिला अस्पताल प्रशासन ने बर्न वार्ड को हड्डी वार्ड में स्थानांतरित कर दिया है। हड्डी वार्ड के पेईंग वार्ड में झुलसे मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।
बर्न वार्ड को एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेंटर में तब्दील कर दिया है। यहां पर नशे के रोगियों को भर्ती करने लिए 16 बेड रखे हुए हैं। इनके इलाज के एक चिकित्सक, काउंसलर और छह स्टाफ की तैनाती कर दी है। अब इसी सप्ताह किसी भी दिन तैनात स्टाफ को दिल्ली एम्स में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण एक दिन का होगा। उसके बाद ही सेंटर में नशे के रोगियों को भर्ती कर इलाज शुरू होगा।
एसबीडी जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेखर यादव ने बताया कि एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेंटर को बर्न वार्ड में बनाया है।16 बेड रखवाए गए हैं। जल्द ही सेंटर शुरू हो जाएगा।