अवैध खनन रोकने को यूपी-हरियाणा के अधिकारियों की बैठक
बेहट (सहारनपुर)। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के निर्देश पर यूपी-हरियाणा की सीमा पर होने वाले अवैध खनन एवं खनिज की ओवरलोडिंग को रोकने के लिए हथनी कुंड बैराज पर दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में दोनों राज्यों द्वारा अवैध खनन एवं खनिज की ओवरलोडिंग रोकने के लिए टास्क फोर्स के गठन पर सहमति बनी। यूपी-हरियाणा की सीमा पर हथनी कुंड बैराज के पास कंडाईवाला में यमुना के किनारे लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिलती रहती हैं। एनजीटी के निर्देश पर मंगलवार को हथिनी कुंड बैराज स्थित सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में दोनों राज्यों के उच्चाधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी सहारनपुर आलोक पांडेय एवं एसएसपी दिनेश कुमार पी ने संयुक्त रूप से अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध खनन करने वालों से सख्ती से निपटें। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि वाहनों की ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाए। उनके द्वारा बताया गया कि जनपद में अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग को रोकने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। हरियाणा के अधिकारियों ने भी जल्द टास्क फोर्स का गठन किए जाने की बात कही। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने सहमति बनाई कि टास्क फोर्स आवश्यकतानुसार संयुक्त रूप से और अलग-अलग छापामारी कर अवैध खनन को रोकेगी। इसके बाद जिलाधिकारी व एसएसपी एवं हरियाणा यमुनानगर की उपायुक्त आमना तसलीम ने ताजेवाला एवं कंडाईवाला घाट का निरीक्षण किया। बैठक में खनन अधिकारी पीके सिंह, प्रदूषण अधिकारी निर्मल कुमार, एसडीएम युगराज सिंह, तहसीलदार हर्ष चावला, यमुनानगर के एसपी कुलदीप सिंह, एडीसी प्रशांत पंवार, संजय संभरवाल आदि मौजूदगी रहे।