सहारनपुर। एनजीटी की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के बाद स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। एनओसी पांच वर्ष के लिए दी गई है। विभाग को 13 अप्रैल 2024 तक निर्माण पूर्ण करना होगा। एनओसी मिलने के बाद विभाग की ओर से कार्यवाही शुरू कर दी गई है। निर्माण एजेंसी से संपर्क कर निर्माण कार्य पुन: शुरू करने को कहा गया है। उम्मीद है कि कॉलेज का निर्माण जल्द पूर्ण होगा और कक्षाएं चलेंगी।
करीब नौ वर्ष पूर्व बसपा सरकार में स्पोर्ट्स कॉलेज की सौगात मिली थी। मगर स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण आज तक पूर्ण नहीं हो सका है। कार्य में बाधाएं आने की अनेक वजह रहीं। सबसे पहले विभाग ने जमीन को बिना हैंडओवर कराए स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण शुरू करा दिया था। तत्कालीन क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राजेश शर्मा ने तत्कालीन कमिश्नर सुरेशचंद्रा के सहयोग से जमीन को विभाग के हैंडओवर कराया था। इसके बाद निर्माण पुन: शुरू किया गया, मगर उसके बाद जमीन पर खड़े पेड़ निर्माण में रोड़ा बने। पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं मिलने की वजह से निर्माण कार्य करीब दो वर्ष तक लटका रहा। जब इंद्रवीर सिंह जिलाधिकारी थे तो स्पोर्ट्स कॉलेज की फाइल उनके सामने आई। उन्होंने इंजीनियर्स को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी। स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थल बरसाती नदी से सटा होने की वजह से डीएम इंद्रवीर सिंह यादव ने शासन को पत्र लिखकर कॉलेज का स्थान बदलने की मांग की थी। जुलाई 2018 में तत्कालीन डीएम पीके पांडेय ने कॉलेज का दौरा किया था और कॉलेज की एक साइड में खाली पड़ी 72 बीघा जमीन का चयन कॉलेज के लिए कर शासन को पत्र भेजा था, जहां से हरी झंडी मिल गई। इसके बाद कॉलेज का नया नक्शा तैयार किया गया, जिस पर काम शुरू करने के लिए एनजीटी से एनओसी का इंतजार था। एनजीटी ने 31 मई 2019 को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार को पत्र जारी कर एनओसी दी है। एनजीटी ने 14 अप्रैल 2019 से 13 अप्रैल 2024 तक की एनओसी दी है। इसके बाद विभाग ने निर्माण एजेंसी से संपर्क किया है। उम्मीद है कि निर्माण जल्द शुरू होगा।
-------------
- कॉलेज के यह कार्य होने हैं शेष
स्पोर्ट्स कॉलेज के भवनों का करीब 40 फीसदी निर्माण पूर्ण है, जिसमें प्रशासनिक भवन मुख्य है। अब खिलाड़ियों के रहने के लिए छात्रावास, मैस और जिम आदि का निर्माण किया जाना है। इनके अलावा मैदान तैयार किया जाना है। साथ ही ट्रैक भी बिछना है। माना जा रहा है कि निर्माण कार्य शुरू होने के एक साल के भीतर काफी काफी काम नजर आएगा। 2021 से पहले स्पोर्ट्स कॉलेज चालू होने की संभावना है।
---- वर्जन----
स्पोर्ट्स कॉलेज पर एनजीटी की ओर से लगी रोक हटा ली गई है। एनजीटी ने पांच साल के लिए एनओसी दी है। हमें कॉलेज का निर्माण 13 अप्रैल 2024 से पहले पूर्ण करना है। निर्माण कंपनी से संपर्क कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। हमें उम्मीद है कि निर्माण दो वर्ष में पूरा होकर कॉलेज चालू होगा।-- प्रेम कुमार, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी।