मंडलायुक्त ने किया परियोजना का लोकार्पण
सहारनपुर। मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने सोमवार को रजबहे सरकडी की क्षमता वृद्धि, पुनर्स्थापना के कार्यों की परियोजना का लोकार्पण किया। इस रजबहे से पांवधोई नदी में भी पानी छोड़ा जाएगा।
सोमवार को मंडलायुक्त ने रजबहे सरकडी की पुनर्स्थापना के कार्यों की परियोजना का लोकार्पण किया। सरकडी रजबहा पूर्वी यमुना नहर से निकला है। इस नहर से सिंचाई के अतिरिक्त उपलब्ध जल को क्रास रेगुलेटर के जरिए पांवधोई नदी में जल डाला जाएगा। इस परियोजना के तहत चार नए पुल, छह पुराने पुलों की रिपेयरिंग, सात आउटलेट, चार फाल और एक एक्वाडक्ट को रिपेयर किया गया है। 31 मई को पांवधोई नदी पर जलोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें गणमान्य लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में देश भर से संत महात्माओं के भागेदारी करने की भी संभावना है। पांवधोई नदी पर होने वाले जलोत्सव कार्यक्रम के तहत तमाम तैयारियां चाक चौबंद की जा रही हैं। कार्यक्रम होने से पहले सभी कार्यों के पूरे होने की संभावना है। इस दौरान महापौर संजीव वालिया, नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, अपर खंड पूर्वी यमुना नहर के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।