बेहट (सहारनपुर)। शुक्रवार की अलसुबह सड़क किनारे टहल रहे वृद्ध को ट्रक ने कुचल दिया, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई। कोतवाली क्षेत्र के गांव कलसिया निवासी बीर सिंह (60) दिन निकलते ही बस स्टैंड तिराहे की तरफ टहलने निकल गए। सड़क किनारे टहलते समय एक बेकाबू ट्रक ने बीर सिंह को कुचल दिया। सूचना लगते ही 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बीर सिंह को उठाकर अस्पताल ले गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बीर सिंह ने दम तोड़ दिया। हादसे के जिम्मेदार ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि शव को पंचनामा भर पीएम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।