तुषार को प्रथम और अंशुल को द्वितीय स्थान मिलने पर किया पुरस्कृत
अंबेहटा (सहारनपुर)। गत 28 मार्च को सहारनपुर में आयोजित हुई सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अजीत सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के बच्चों को पुरस्कृत किया गया। सभी मेधावी बच्चों को प्रशस्तिपत्र व मेडल प्रदान किए गए।
प्रधानाचार्य रघुनाथ सिंह चौहान ने बताया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तहत चलने वाले सरस्वती विद्या मंदिरों में सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन 28 मार्च को सहारनपुर में हुआ था। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस परीक्षा में उन्हीं बच्चों ने प्रतिभाग किया था जिनके कक्षा 8 में 80 प्रतिशत से अधिक अंक थे। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में विद्यालय के 5 बच्चों ने हिस्सा लिया था। प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा में तुषार कुमार ने पहला व अंशुल कुमार ने दूसरा स्थान हासिल किया था। जबकि बाकी के तीनों बच्चों ने सामान्य अंक पाकर परीक्षा उत्तीर्ण की। समारोह में दोनों मेधावी बच्चों को प्रशस्तिपत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्रबंध समिति के अध्यक्ष पवन सैनी और प्रधानाचार्य रघुनाथ सिंह चौहान ने प्रदान किए। प्रधानाचार्य ने ज्ञानवर्धन के लिए इस तरह की परीक्षा को जरूरी बताया। प्रबंधक गौरव मित्तल, कश्मीर सिंह, राजकुमार खुराना, विश्व दीपक मित्तल, वेदभूषण गुप्ता, अश्वनी मित्तल आदि मौजूद रहे।