बेहट (सहारनपुर)। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में वर्ष 2019-20 के वार्षिक अनुमानित बजट की स्वीकृति के प्रस्ताव के साथ ही जनवरी एवं फरवरी माह की आय और व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। सबसे पहले बैठक में पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों को सदन द्वारा मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई और पूर्व सभासद खैराती लाल अरोड़ा व रमेश चंद के आकस्मिक निधन पर भी सदन द्वारा मौन धारण कर दु:ख जताया गया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान की अध्यक्षता में बोर्ड की कार्रवाई शुरू हुई। वर्ष 2019-20 के वार्षिक अनुमानित बजट की स्वीकृति के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। अधिशासी अधिकारी वीरज कुमार त्रिपाठी ने आय एवं व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उनके अनुसार जनवरी माह में आय 25 लाख 78 हजार 861 तथा व्यय 17 लाख 41 हजार 783 रुपये और फरवरी माह में आय 26 लाख 88 हजार 976 तथा व्यय 87 लाख 75 हजार 215 रुपये शामिल है। इसके अलावा 14 वें वित्त से प्राप्त धनराशि से इमामबाड़ा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल का निर्माण व कूड़ा प्रबंधन हेतु भूमि क्रय, दो प्रतिशत स्टांप शुल्क से प्राप्त धनराशि से संजय कॉलोनी में सुनील के मकान से अमरनाथ के मकान तक सड़क निर्माण कार्य, ठेका मुर्दा मवेशी का नीलम, आउट सोर्सिंग कर्मचारी नियुक्त किए जाने, श्मशान में टीन शेड में इंटर लॉकिंग टाइल्स का कार्य कराए जाने, नगर के विभिन्न स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाने, दयालपुर रोड पर विश्राम गृह का निर्माण, यात्रियों के लिए यात्री शेड का निर्माण कराए जाने, दयालपुर व कादरपुर रोड पर स्वागत द्वार का निर्माण कराए जाने के प्रस्ताव भी सभी की सहमति से पारित किए गए। बैठक में सावित्री देवी, विजय कुमार, साइना, रविकांत, आरिफ नबी, सलीम, हफीज कुरैशी, रिहाना परवीन, सरवत रूही, आरिफ मंसूर, फराज अहमद, हेमंत जैन आदि सभासदों के अलावा नगर पंचायत के कर्मचारी ओमप्रकाश, इफ्तार अहमद, इरशाद अब्बासी, सुरेंद्र कुमार आदि की मौजूदगी रही।