साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। वर्षों से विवादित चल रही धार्मिक स्थल की भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद के बाद मौके पर एसडीएम ने पहुंच कर पैमाइश कराकर मामले का निस्तारण कराया।
कोतवाली बेहट के गांव मंझाड़ी में ग्रामीण होलिका दहन की जमीन पर निर्माण कार्य करा चहारदीवारी करा रहे थे। इस जमीन पर वर्षों से गांव के ही मुकेश कुमार व काला पुत्रगण रामपाल का अवैध कब्जा चल रहा था। बृहस्पतिवार को मुकेश व काला दोनों भाइयों ने चहारदीवारी निर्माण को अवैध बताते हुए यूपी 100 व कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोनी सैनी सहित मन्नू सिंह, हंसराज, विकास, कपिल, हार्दिक, सुखपाल, मैनपाल सिंह आदि ने बताया कि उक्त जमीन होलिका दहन के लिए वर्षों पहले निश्चित कर दी गयी थी। पिछले कुछ वर्षों से मुकेश कुमार व काला ने उक्त जमीन पर अपना अवैध कब्जा कर लिया है। प्रतिवर्ष होलिका दहन के समय यहां विवाद की स्थिति बनी रहती थी। विवाद निस्तारण के लिए ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों की बैठक कर उक्त भूमि की चारदीवारी कर गेट लगाने का निर्णय किया। सूचना के बाद मौके पर एसडीएम ने राजस्व विभाग की टीम के साथ पहुंचकर उक्त भूमि की लेखपाल से पैमाइश कराई। पैमाइश के बाद उक्त भूमि पर से अवैध कब्जा हटवाते हुए निर्माण कार्य सुचारु रूप से चालू कराया गया।
विवाद की स्थिति देखते हुए उन्होंने निर्माण कार्य रुकवाते हुए पैमाइश कराने की मांग की। ताकि गांव में कोई विवाद न होने पाये। ग्रामीणों के सहयोग से एक बडे़ विवाद का निस्तारण हो पाया।- संगीता सैनी ग्राम प्रधान मंझाड़ी
गांव मंझाड़ी में धार्मिक स्थल पर विवाद होने की उन्हें जानकारी मिली थी। दोनों पक्षों के सामने पैमाइश करा विवाद का निस्तारण करा दिया गया है।-एसएन शर्मा एसडीएम बेहट