सहारनपुर। शहर की गोविंदनगर और पठानपुरा समेत कई कॉलोनियों में शनिवार रात से बिजली और पानी की सप्लाई बंद रही। बिजली और पानी की आपूर्ति एक साथ बंद होने की वजह से लोग परेशान हो गए। नगर निगम और बिजली अधिकारियों को कॉल करके समाधान की मांग की गई। इसके बाद रविवार कोे पूर्वाह्न करीब 11 बजे पानी की सप्लाई सुचारु हो सकी।
यह समस्या शनिवार रात साढ़े दस बजे के बाद हुई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई, तो पानी भी नहीं आया। खान आलमपुरा निवासी इसरार खान ने बताया कि पानी नहीं आने से रविवार की सुबह लोगों को नहाने और भोजन तैयार करने में परेशानी रही। मिंटू कुमार रोहिला ने बताया कि शनिवार की रात अचानक से पानी चला गया। कुछ ही देर बाद बिजली चली गई। रातभर लोग बिजली और पानी के आने का इंतजार करते रहे, मगर पानी और बिजली नहीं आए। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार उनके क्षेत्र का पानी जा चुका है, मगर नगर निगम की ओर से स्थाई समाधान नहीं किया गया है। अनुराग मित्तल ने बताया कि रविवार सुबह नहाने तक के लिए पानी नहीं मिला। इसकी वजह से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। नदीम खान ने बताया कि पानी नहीं आने की वजह से सुबह के समय महिलाओं को नाश्ता तक तैयार करने में परेशानी रही। कई लोग मोहल्ले में लगे सरकारी नल पर पानी भरने को मजबूर हुए। उन्होंने बताया कि बिजली नहीं आने की वजह से लोग अपने सबमर्सिबल भी नहीं चला सके। उधर, स्थानीय पार्षद पुनीत चौहान ने बताया कि हो सकता है किसी क्षेत्र विशेष में लाइन में गड़बड़ी की वजह से पानी नहीं पहुंचा हो। मगर उनके पास किसी क्षेत्रवासी की ऐसी शिकायत नहीं आई।
दो दिन और परेशान करेगी बिजली
सहारनपुर। अगले दो दिन तक बिजली आपूर्ति परेशान करेगी। सोमवार और मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे से अपराह्न ढाई बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता (विद्युत पारेषण) ने बताया कि 132 केवी उपकेंद्र देवबंद से 33 केवी बिजलीघरों को जोड़ने वाली लाइनों में जंफर लगाने और आइसोलेटरों की ओवरहॉलिंग का कार्य किया जाएगा। इसलिए चार और पांच फरवरी को सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर ढाई बजे के बीच बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
शनिवार की रात किशनपुरा में लगा ट्रांसफार्मर फुंकने की वजह से बिजली चली गई थी। हमने रात में ही टीम को भेजकर लाइन चालू कराने का प्रयास किया, मगर अंधेरे की वजह से काम नहीं हो सका। मगर रविवार की सुबह लाइन चालू करा दी गई थी। - एके वर्मा, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम।