सहारनपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर भाकियू अंबावत ने डिप्टी कलेक्टर एसपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की भी मांग की।
शुक्रवार को सौंपे गए ज्ञापन में भारतीय किसान यूनियन अंबावत ने कहा कि शाकंभरी शुगर मिल चलवाने की मांग को लेकर पिछले काफी दिनों से धरना चल रहा है। इसके बावजूद इसके लिए कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बंद शुगर मिल को जल्द ही चलवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेहट तहसील के गांव रायपुर कलां के पास बहने वाली सहंस्रा नदी के किनारे पर कटाव हो रहा है। उन्होंने वहां पर टक्कर बनवाने सहित अन्य मांग की। इससे पहले कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष नीरज चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिपाल अंबावत के निर्देशानुसार जयपाल चौहान जिलाध्यक्ष है। इनके अलावा यदि कोई जिलाध्यक्ष बताता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान मोहम्मद महमूद प्रधान, सुरेश धीमान, पद्म प्रकाश, सोमवीर, देशराज, रविंद्र गुर्जर, महमूद, पवन राणा, तकी, इस्लाम, सुरेंद्र, हरेंद्र सिंह, जसवीर, सुखवीर सिंह, आजाद, वेदपाल, राजा सैनी, जोनी चौधरी, कय्यूम, मोतीराम चौहान आदि मौजूद रहे।