साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के काटे चालान
रामपुर मनिहारान। बाजार में साप्ताहिक बंदी के दिन श्रम परिवर्तन विभाग की टीम ने दुकान खोलने वाले दुकानदारों के चालान काटे। कुछ दुकानदार अपनी दुकानें खुली छोड़कर भाग खड़े हुए। टीम ने कहा कि यदि साप्ताहिक बंदी के दौरान दुकानदारों ने अपना रवैया नहीं बदला तो उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बाजार की साप्ताहिक बंदी का दुकानदार लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। दो माह के अंदर 100 से अधिक दुकानदारों के चालान काटे जा चुके हैं। बाजार की साप्ताहिक बंदी को लेकर व्यापारी और दुकानदारों द्वारा एसडीएम को ज्ञापन देकर बंदी को पूर्ण रूप से लागू किए जाने की मांग कर चुके हैं। मगर बाजार के कुछ दुकानदारों की हठधर्मिता के कारण साप्ताहिक बंदी सफल नहीं हो पा रही है। इसे लेकर सोमवार को बंदी के दौरान श्रम परिवर्तन विभाग के अधिकारी संतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम बाजार में पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदार अपनी दुकानें खुली छोड़कर और अन्य शटर बंद कर भाग गए। टीम ने खुली दुकानों पर जाकर दुकानदारों के चालान काटे और हिदायत दी कि यदि उन्होंने भविष्य में साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।