धमाचौकड़ी रोकने के लिए तैनात रही पुलिस
सहारनपुर। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर सड़कों पर तेज बाइक चलाकर दौड़ रहे युवकों को रोकने, हंगामा होने से रोकने के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। दो कंपनी पीएसी के अलावा सौ कांस्टेबल एवं अधिकारियों को लगाया गया है।
नव वर्ष के स्वागत में शहर में जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जोश और उल्लास में युवा बाइकों पर सवार होकर सड़कों पर धमाचौकड़ी मचा रहे हैं। पुलिस कर्मियों द्वारा जगह-जगह उन्हें रोक कर हिदायत दी जा रही है। किसी प्रकार के हंगामे एवं घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रमुख चौराहों एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में तैनात किया गया है। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि शहर में नव वर्ष के उत्साह में कोई खलल न पड़े कोई घटना न होने पाए, झगड़ा न हो इसके लिए दो कंपनी पीएसी तैनात की गई है। जो जगह-जगह लगातार मूवमेंट कर रही है। इसके अलावा सौ पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। अधिकारियों को भी जश्न होने तक सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी रखने के लिए कहा गया है। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आधी रात तक शहर के विभिन्न स्थानों पर रहेंगे। वह स्वयं भी रात में सड़कों पर भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होगी।