घर-घर जाकर नेत्रदान की अपील करेंगे दृष्टि सदस्य
गंगोह। नेत्रदान जागरूकता सहित सामाजिक सेवा कार्यों के लिए समर्पित संस्था दृष्टि एक प्रयास की बैठक में घर-घर जाकर नागरिकों को नेत्रदान के लिए प्रेरित और परिवार नियोजन एवं संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने का निर्णय लिया गया।
सीएचसी प्रभारी डा. अनवर अंसारी के आवास पर आहूत बैठक में दृष्टि सदस्य विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि संस्था के प्रयासों से मरणोपरांत नेत्रदान के प्रति लोगों में गंभीरता दिखने लगी है। इसी का परिणाम है कि अब तक 9 लोग मरणोपरांत नेत्रदान कर चुके हैं और 500 से अधिक लोगों ने संकल्पपत्र भरकर इस मानवता के यज्ञ में आहुति देने का संकल्प लिया है। 9 जोड़ी आंखों से 18 नेत्रहीनों के जीवन में उजाला हुआ है। अध्यक्षता कर रहे संस्था अध्यक्ष डा. एसआर सैनी ने अभियान को तेजी देने के लिए घर-घर जाकर नागरिकों से संकल्प पत्र भरने का अनुरोध करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्व सम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके लिए पूर्व अध्यक्ष अरविंद पाल कपूर को संयोजक बनाया गया। इसके साथ ही गांव कम्हेड़ा के प्रधान संजय चौधरी को परिवार नियोजन कार्यक्रम का संयोजक और सचिन भारद्वाज को संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम का संयोजक बनाते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। सचिव डा. विनीत अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गांवों में शिविर लगाकर ग्रामीणों को जनसंख्या वृद्धि के दुष्परिणामों और परिवार नियोजन के लाभों से अवगत कराया जाएगा। संस्थापक अध्यक्ष डा. अमित गर्ग, डा. मनोज जैन, शशिकांत शर्मा, गगन गर्ग, डा. अरुण शर्मा, डा. निर्मल जैन आदि रहे।