सहारनपुर । डीएम पीके पांडेय ने कहा कि जिले के हस्त शिल्पियों को प्रोत्साहन देने के लिए 12 से 28 जून तक सहारनपुर महोत्सव एवं शिल्प मेला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना एक जनपद एक उत्पाद को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि इस मेले में एक जनपद, एक उत्पाद योजना के तहत जनपद और प्रदेश के विशिष्ट हस्तशिल्पी भागेदारी करेंगे। इसके अलावा मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार, गोष्ठी, हस्तशिल्प डिजाइन वर्कशाप आदि का भी आयोजन किया जाएगा। बताया कि यह आयोजन महाराज सिंह कालेज एवं एसडी इंटर कालेज के मैदान पर होगा। इस अवसर पर सीडीओ संजीव रंजन, उप आयुक्त, श्रम एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ ही आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।