रेलवे ने एक और समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाई
सहारनपुर। रेल यात्रियों के लिए गर्मी का एक और तोहफा मिला है। रेलवे ने एक और समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन सहारनपुर के यात्रियों के लिए शुरू की है। यह ट्रेन सप्ताह में एक बार सहारनपुर पहुंचेगी। ट्रेन जम्मूतवी से हावड़ा के बीच चलेगी।
सीनियर डीसीएम प्रवीन गौड़ द्विवेदी ने बताया कि समर स्पेशल ट्रेन गर्मियों में यात्रियों की संख्या अधिक होने और यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए चलाई गई है। गाड़ी संख्या 04606 जम्मूतवी से हावड़ा समर स्पेशल ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी। दो जून की रात 11.30 बजे ट्रेन जम्मूतवी से रवाना होगी, जो तीन जून की सुबह सहारनपुर पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर चार जून को हावड़ा पहुंचेगी। 16 वातानुकूलित, 3 टीयर डिब्बों वाली यह स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन पठानकोट छावनी, जालंधर छावनी, लुधियाना, अंबाला छावनी, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी, मुगलसराय, गया, धनबाद और आसनसोल स्टेशनों पर रुकेगी।