पाकिस्तान में सिख नेता की हत्या
पर पंजाबी समाज में आक्रोश
देवबंद। पाकिस्तान के पेशावर में आतंकियों द्वारा सिख नेता चरणजीत सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने पर पंजाबी समाज रोष जताया है। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान में हिंदुओं व सिखों पर हो रहे जुल्मों तथा उनकी सुरक्षा के मामले को विश्व समुदाय में जोरशोर से उठाने की मांग की है।
बुधवार को गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सभा में बैठक में गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सेठ कुलदीप कुमार ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवादियों और कट्टरपंथियों का राज है। जो इस्लाम के अलावा अन्य धर्म के लोगों को बर्दाश्त नहीं करते हैं। यही कारण है कि देश के बंटवारे के समय पाकिस्तान में मौजूद 23 प्रतिशत हिंदू सिखों की आबादी अब घटकर महज दो प्रतिशत से भी कम रह गई है। उत्तर प्रदेश सिख फोरम के महासचिव इंद्रपाल सिंह सेठी ने कहा कि पाकिस्तान में हिंदू और सिख नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। जबरन धर्म परिवर्तन और असुरक्षा ने उनका वहां रहना दूभर कर दिया है। युवा पंजाबी क्लब के विशेष सलाहकार बालेंद्र सिंह और अध्यक्ष गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि सिख नेता की हत्या कायरतापूर्ण कार्य है। अध्यक्षता डा. महेंद्र सिंह सोढ़ी ने की और संचालन गुरजोत सिंह ने किया। इस मौके पर सिमरजीत सिंह, विकास अरोरा, अरविंदर कपूर, हरीश गिरधर, दिलबाग सिंह, विजय गिरधर, गुरदीप सोढ़ी, बलदीप सिंह, दलीप मल्होत्रा, राजेश छाबड़ा, सन्नी सेठी, राजपाल नारंग, अमन भसीन, अमृत सिंह कपूर आदि रहे।