कर्जा माफ कराने के लिए भटक रहा किसान
सहारनपुर। कर्जा माफ कराने के लिए एक किसान दर-दर भटक रहा है। किसान पर एक लाख रुपये का कर्जा है और वह ऋण मोचन योजना की पात्र सूूची में शामिल है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कई बार कर्जा माफ करने की मांग कर चुका है। मगर, उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
गांव सलेमपुर भूकड़ी निवासी किसान राकेश कुमार पुत्र विशंभर ने शनिवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कर्जा माफ किए जाने की मांग की। किसान ने बताया कि उस पर दो बैंकों का एक लाख रुपये कर्जा है। प्रदेश सरकार ने किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्जा माफ किया था। वह भी ऋण मोचन योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण करा चुका है, लेकिन उसका कर्जा आज तक माफ नहीं किया गया। इस संबंध में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पहले भी पत्र भेज चुका है। कर्जा माफ कराने को सरकारी कार्यालय के चक्कर काटकर थक चुका है।