सहारनपुर। स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विचार गोष्ठी के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। वक्ताओं ने युवाओं को उनके जीवन से सीख लेने की अपील की।
जेवी जैन कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रथम इकाई की ओर से जन्मदिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रेशमा, प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. रेशमा ने भी स्वामी विवेकानंद के जीवन को अनुकरणीय बताया। इस मौके पर इंदु सैनी, नेहा धीमान, रेखा, क्षमा, रीतु, आकांक्षा, अंशिका, रुकैया आदि मौजूद रहीं। महाराज सिंह कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की तीसरी इकाई की ओर से स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. एके डिमरी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से सीख लेने की अपील युवाओं से की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा चौहान ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों केे आज पूरी दुनिया मान रही है। कार्यक्रम में डॉ. एके गुप्ता, डॉ. संजय गुप्ता, अर्जुन, आकांक्षा, सुमेरा, वंदना, सूरजमुखी, मेहनाज, नुसरत आदि मौजूद रहीं।