देवबंद (सहारनपुर)। राष्ट्रीय मुस्लिम मंच ने जम्मू-कश्मीर के संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला और फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान की कड़ी निंदा करते हुए मंगलवार को कोतवाली के बाहर उनके पुतले फूंके।
मंच सदस्यों ने पुतला दहन के उपरांत एसडीएम रामविलास यादव की मार्फत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजे। जिसमें जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला और फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के उस बयान की निंदा की गई जिसमें पाक अधिकृत कश्मीर को पाकिस्तान को सौंपे जाने की बात कही गई है। मंच के जिला संयोजक हकीम अब्दुस्सत्तार ने कहा कि फारूख अब्दुल्ला व ऋषि कपूर का बयान देशद्रोही की श्रेणी में आता है। दोनों ने एक सुर में देशद्रोह का काम करके सवा सौ करोड़ देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसलिए उनके विरुद्ध राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। पुतला दहन करने वालों में भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवराज रोड, नगराध्यक्ष गजराज राणा, मनोज सिंघल, अब्दुल रहमान खां, कफील खां, लियाकत खां, शहजाद खां, मुरसलीन, मोहतरम, फरमान खां, डा. नसीम खां, साहिल, मो. सालिम आदि मौजूद रहे।