सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन में लापरवाही बरतने वाले चार सफाई कर्मचारियों से जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा है। सहायक विकास अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण करने पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई गई।
जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि ब्लॉक बलियाखेड़ी के सहायक विकास अधिकारी ने गांव कांकरकुई का बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने उन्हें जानकारी दी कि गांव में तैनात सफाई कर्मचारी विकास कुमार व संदीप कुमार ग्राम के स्कूल में रोजाना साफ-सफाई नहीं करते हैं। स्कूल का शौचालय गंदा पड़ा है। सफाई कर्मचारी प्रतिदिन ड्यूटी पर नहीं आते हैं। इसी तरह गांव चुनहैटी गाड़ा और चांदपुर का निरीक्षण किया गया। यहां तैनात सफाई कर्मचारी अरुण कुुमार और सुनील कुमार की भी सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों सफाई कर्मचारी रोजाना ड्यूटी पर नहीं आते हैं। डीपीआरओ ने चारों सफाई कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है और कार्रवाई की चेतावनी दी। बता दें कि लापरवाही बरतने के आरोप में डीपीआरओ अब तक नौ सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर चुके हैं।