सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता के अभाव में हर साल देश में टायफाइड, डायरिया, कालरा, पीलिया, मलेरिया, फाइलेरिया, हेपाटाइटिस और इनसेफलाइटिस जैसी बीमारियों से पांच वर्ष से कम आयु के लाखों बच्चों की मौत हो जाती है। स्वच्छता की ओर ध्यान देेकर इस समस्या पर काफी काबू पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वच्छता अभियान को अब आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में खुले में शौच से मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए आपका सहयोग जरूरी है।
दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती वर्ष पर आयोजित स्वच्छता भारत मिशन (ग्रामीण) एवं ग्राम विकास पंचायत योजना के एक दिवसीय प्रशिक्षण दिवस के अवसर पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की दो महत्वपूर्ण योजनाएं है। इनमें स्वच्छता भारत मिशन (ग्रामीण) तथा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान शामिल है। इन योजनाओं की सफलता के लिए खंड विकास स्तर पर एडीओ (पंचायत), खंड प्रेरकों सहित तमाम लोगों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने आह्वान किया कि कर्मचारी अपने-अपने जनपदों में ऐसा वातावरण बनाए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एक अभियान बन जाए।
उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर एवं सहारनपुर के अधिकारियों को ग्रामीण शौचालय के निर्माण में और अधिक तेजी लाये जाने की आवश्यकता है। शामली जनपद प्रदेश का पहला जिला है जो ओडीएफ घोषित हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता भारत मिशन ( ग्रामीण) में अधिकारी फर्जी आंकड़ेबाजी से बचें क्योंकि बनाये गये शौचालयों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि ग्रामीणों द्वारा निंरतर शौचालयों का उपयोग किया जा रहा है अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि जहां कोई गलती है, उसमें अभी समय रहते सुधार कर लें, जांच उपरांत कमी पाये जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सहारनपुर मंडल को ओडीएफ कर प्रदेश में पहला स्थान पाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अपने-अपने जनपदों में प्रतिदिन बनने वाले शौचालयों की सूचना जिला स्तर पर उपलब्ध कराये। उन्होंने कहा कि मंडलीय अधिकारी प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा कर उन्हें भी अवगत कराएंगे। जिन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति धीमी है। वहां के कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त विकास आयुक्त उमेश कुमार त्यागी, उप निदेशक पंचायत अनिल सिंह, स्वच्छता भारत मिशन (ग्रामीण) के स्टेट कंसलटेंट संतोष सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी सहारनपुर सतीश कुमार, मंडल के सभी जिला कंसलटेंट, एडीओ (पंचायत) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।