दुकानदारों ने किया श्रम निरीक्षक और एसडीएम का घेराव
बेहट/छुटमलपुर (सहारनपुर)। साप्ताहिक बंदी में दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने निकले एसडीएम एवं श्रम निरीक्षक का दुकानदारों ने गांधी चौक पर घेराव कर लिया। उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया। उनका कहना था कि दो साल से लगातार सोमवार के दिन बाजार खुल रहा है। इन दो सालों में लेबर इंस्पेक्टर ने दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की। यदि कार्रवाई करनी थी तो एक बार दुकानदारों को साप्ताहिक बंदी में दुकानें बंद रखने की सूचना प्रसारित कराई जानी चाहिए थी। व्यापारियों के विरोध के चलते अफसरों को लौटना पड़ा।
सोमवार सुबह करीब दस बजे एसडीएम वैभव शर्मा और लेबर इंस्पेक्टर केपी सिंह कोतवाली पुलिस को साथ लेकर तहसील मुख्यालय से साप्ताहिक बंदी में दुकानें खोलने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी। इससे दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। कोतवाली तक मैन रोड पर स्थित छह दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। जैसे ही एसडीएम और श्रम निरीक्षक गांधी चौक पहुंचे तो व्यापारियों ने उनका घेराव कर हंगामा करना शुरू कर दिया।
व्यापारी राकेश गाबा, मोहित जैन एवं सुधीर कर्णवाल आदि का कहना था कि दो साल हो गए साप्ताहिक बंदी में दुकानें खुल रही है। इन दो सालों में कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब ऐसी कार्रवाई से पहले सूचना प्रसारित होनी चाहिए। व्यापारियों के विरोध और हंगामे के कारण एसडीएम और श्रम निरीक्षक वहां से लौट गए। बाद में टीम छुटमलपुर पहुंची और यहां तीन दुकानदारों के खिलाफ चालान किए। श्रम निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि बेहट में छह और छुटमलपुर में तीन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।