बीस दिन से पीछा कर रही नागिन को ग्रामीणों ने मारा
नानौता (सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव खुड़ाना में जोड़े में से नाग को मारना एक किसान को इतना भारी पड़ गया कि बीस दिन तक नागिन उसके पीछे ही पड़ गई। कई दिन तक दहशत में रहने के बाद बुधवार को किसान ने अन्य ग्रामीणों की मदद से इस नागिन को मार डाला। इसके बाद ही ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
खुड़ाना निवासी किसान राजेश कुमार करीब 20 दिन पूर्व अपने खेत में गया था। मजदूरों संग काम करने के दौरान नाग-नागिन का जोड़ा वहां दिखाई दिया। इसे देख मजदूर भाग गए। लेकिन राजेश कुमार ने नाग-नागिन के जोड़े को लाठी मारी। इससे नाग तो मौके पर ही मर गया जबकि नागिन वहां से निकल गई। इसके बाद राजेश घर आ गया। बताया जाता है कि अगले दिन जब राजेश फिर खेत में गया तो नागिन अचानक उसके सामने आ गई। उसने उसका रास्ता रोका। बड़ी मुश्किल से राजेश वहां से निकला। राजेश के मुताबिक यह सिलसिला कई दिन तक चलता रहा।
परिजनों के अनुसार राजेश इतनी दहशत में था कि वह घर से बाहर निकलने में भी घबराने लगा था। रात को सोते समय सपने में भी नागिन ही दिखने लगी थी। करीब बीस दिन तक चले इस खेल से परेशान होकर उसने नागिन से निपटने की ठानी। बुधवार सुबह वह खेत गया तो नागिन फिर से दिखी। वह उसे देखकर भागा तो पीछा करने लगी। इसी दौरान उसने मोबाइल फोन पर कुछ ग्रामीणों को बुला लिया। ब्रिजेश कुमार, संजय राणा, सुरेश कुमार, लीलावती, रवींद्र कुमार, शिव कुमार आदि ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों के लाठी से वार करने पर नागिन पीपल के पेड़ पर चढ़ गई। तभी मौका पाते ही ग्रामीणों ने नागिन को पेड़ से नीचे गिरा दिया और फिर लाठी से वार कर नागिन को मार दिया गया। इसके बाद राजेश और अन्य ग्रामीणों ने राहत महसूस की।