-मंडल के करीब 175 महाविद्यालयों में चल रही स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश की प्रक्रिया संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 175 महाविद्यालयों में बुधवार से स्नातक प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू हुए हैं। अच्छी बात यह है कि पहले ही दिन 15 से 20 फीसदी दाखिले हो चुके हैं, जिसे लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और महाविद्यालय उत्साहित हैं। क्योंकि गत वर्ष दाखिलों को लेकर इस तरह का उत्साह अभ्यर्थियों में नहीं था।
विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 215 महाविद्यालय और निजी संस्थान हैं। इनमें से करीब 175 महाविद्यालयों एवं निजी संस्थानों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश 26 जुलाई से शुरू हुए हैं। स्नातक प्रथम वर्ष की करीब 45,000 सीट हैं। इनको भरने के लिए पहली, दूसरी और तीसरी तथा उसके बाद दो ऑपन मेरिट प्रस्तावित हैं। लेकिन पहली ही मेरिट के अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए दिए गए तीन दिनों में से पहले ही दिन 15 से 20 फीसदी दाखिले हो चुके हैं। यानी करीब 8,000 प्रवेश हुए हैं। बीए प्रथम वर्ष की 24,223 सीटों में से पहले दिन 2,815 सीटें भरी गई हैं। बीएससी की 10,930 सीटों में से पहले दिन करीब 1,100 सीटें भरी गई हैं। बीसीए की 2,800 में से पहले दिन 545 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। अन्य पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश की स्थिति अच्छी रही है। पहली मेरिट के दाखिले 27 और 28 जुलाई में भी होने हैं, जिनमें प्रवेश का प्रतिशत 45 से 50 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है।