सहारनपुर। डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को भव्यता के साथ मनाया जाएगा। सरकारी कार्यालयों को तिरंगामय लाइटिंग लगाई जाए। सात अगस्त से कलक्ट्रेट, विकास भवन, पंचायत और विकास खंड कार्यालयों में तिरंगे दिए जाएंगे। खादी का तिरंगा 125 रुपये में मिलेगा, जबकि जनमानस के लिए बनाया गया तिरंगा 15 रुपये में मिलेगा।
शुक्रवार को स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत सदर तहसील सभागार में हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि 11 अगस्त को विद्यालयों में झंडा गीत का गायन होगा तथा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। विभिन्न संगठनों एवं एनसीसी और एनएसएस द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। दिन में विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान, शाम को शहीद स्मारकों पर पीएसी बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति गीत का वादन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बैठक में सीडीओ विजय कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट प्रणता ऐश्वर्या, एएसपी प्रीति यादव, एसपी सिटी राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त राजेश यादव, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी आदि रहे।
इंफेंट जीसस स्कूल में इंवेस्टीचर सेरेमनी
सहारनपुर। इंफैंट जीसस स्कूल में शुक्रवार को इंवेस्टीचर सेेरेमनी का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल की काउंसिल कमेटी के लिए छात्रों को नियुक्त किया गया। इसमें होनहार छात्रों के हाथों में स्कूल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई। कक्षा दस के अब्दुल आहद को हेड ब्वाय और महिमा वत्स को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। अन्य समितियों का भी गठन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रधानाचार्य लोरेन सिमलाई ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया। साथ ही समिति सदस्यों को बधाई और जिम्मेदारी निर्वहन के लिए शुुुभकामनाएं दी।