सहारनपुर। प्रशासन की सख्ती के बाद भीम आर्मी ने अब गांव-गांव गुपचुप रूप से पंचायत करनी शुरू कर दी है। जिसमें पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पर रोष जताया जा रहा है और 14 जून को होने वाली पंचायत को लेकर रणनीति बनाई जा रही है।
पुलिस ने बवाल के मामले में शब्बीरपुर के ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी, भीम आर्मी के चंद्रशेखर एवं अन्य पदाधिकारियों पर ईनाम तथा रामपुर बवाल के आरोप में दो लोगों की गिरफ्तारी समेत दर्जनों दलित लोगों की गिरफ्तारियों पर रोष जताते हुए गांव-गांव जाकर पंचायतें की हैं। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने सहारनपुर के गांवों में ही नहीं, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ के गांवों में भी पंचायतें कर पुलिस पर उत्पीड़न की कार्रवाई का आरोप लगाया है। भीम आर्मी के पदाधिकारी इसका विरोध करने के लिए लोगों से साथ जुड़ने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा पंचायतों में 14 मई को होने वाली मुजफ्फरनगर के रथेड़ी गांव में होने वाली बहुजन समाज के सभी संगठनों की पंचायत कर अपनी ताकत दिखाने के लिए रणनीति बनाई जा रही है। पंचायतों में लोगों को पंफलेट बांटे जा रहे हैं और चंद्रशेखर को मजबूत करने का आह्वान किया जा रहा है।
एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि उन्हें कुछ लोगों के बारे में जानकारी मिली है। मुजफ्फरनगर वाले मामले में भी एक व्यक्ति सहारनपुर का शामिल बताया जा रहा है। उसकी भी छानबीन की जा रही है। पंफलेट कौन बांट रहा है इसका पता लगाया जा रहा है।
प्रशासन की सख्ती से बौखलाई भीम आर्मी