नकुड़ (सहारनपुर)। शादी में शामिल होने जा रहे साइकिल सवार दो भाइयों को तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी जिसमें एक किशोर की मौत गई। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद पेड़ से टकराई कार में सवार एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए।
बुधवार की दोपहर करीब एक बजे सरसावा थाने के गांव कुंडी के नमन तथा वंश पुत्र रामदिया पास के गांव सांपला में शादी समारोह में शामिल होने साइकिल से जा रहे थे। वे दोनों जैसे ही ओरनेट स्कूल के सामने पहुंचे तो नकुड़ की ओर से तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। इसमें नमन 14 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दस वर्षीय वंश गंभीर रूप से घायल हो गया। कार साइकिल में टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। पेड़ में टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। इससे कार सवार एक बच्चा सहित चार लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया है। जहां कार चालक तथा साइकिल सवार वंश की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।