सरसावा (सहारनपुर)। ग्राम झरौली के पास कार की टक्कर लगने से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई कराने से मना कर दिया, जिस कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
ग्राम शाहजहांपुर निवासी राजबीर ने बताया कि उसका भाई कमल (32 वर्षीय) नशे का आदी था। शनिवार रात कमल घर से उठकर नकुड़ रोड की तरफ चल दिया। इसी बीच ग्राम झरौली के पास कार की चपेट में आकर वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घायल कमल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान कमल की मौत हो गई। इसके बाद राजवीर ने पुलिस को लिखकर दे दिया कि मामले में उन्हें कोई कार्रवाई नहीं करानी है। इसके बाद पुलिस ने बगैर पोस्टमार्टम के ही कमल का शव परिजनों को सौंप दिया।