देवबंद (सहारनपुर)। हिंदू जागरण मंच की बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिराज सिंह के दारुल उलूम को लेकर दिए विवादित बयान पर बिहार किशनगंज के सांसद व दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा के सदस्य मौलाना असरारुलहक कासमी के पलटवार की निंदा की गई।
शुक्रवार को नगर कार्यालय पर आयोजित बैठक में ठा. सुरेंद्रपाल सिंह ने गिरिराज सिंह के बयान के साथ साथ आरएसएस और हिंदू महासभा को निशाना बनाने वाले सांसद मौलाना असरारुलहक कासमी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि भारत को गुलाम अंग्रेजों ने नहीं बल्कि मोहम्मद गोरी, सिकंदर, बाबर और इस्लामिक आतंकियों ने किया था। आज भी इस्लाम का आतंकवादी स्वरूप दुनियाभर में देखने को मिल रहा है। उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए दिसंबर माह में नवीन मंडी स्थल पर होने वाले विहिप सम्मेलन को सफल बनाने तथा भारी संख्या में राष्ट्र रक्षकों से शामिल होने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष अंकित धीमान ने कहा कि रामजन्मभूमि पर अब भव्य मंदिर बनेगा बाबर के नाम से दुनिया में कोई मस्जिद नहीं बनने देंगे। इस मौके पर नीरज राणा, हरिपाल, साधुराम, विनय, रवि, राजेश, नरपत आदि मौजूद रहे। उधर, देवीकुंड स्थित महाकालेश्वर ज्ञान आश्रम पर हुई राष्ट्रीय परशुराम सेना की बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित कोशिक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय एजेंसी की सूचना को नकारने से सत्य असत्य नहीं हो जाता। सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की भावना तभी चरितार्थ होगी जब राष्ट्र और विश्व में शांति होगी। उन्होंने कहा कि अगर भ्रम हो तो स्वयं मनोचिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। इस मौके पर बसंत भारद्वाज, गणेशानंद सरस्वती, श्यामा नंद सरस्वती, हिमांशु भारद्वाज, विकास शास्त्री, अशोक शर्मा, गंगाराम और विनोदानंद सरस्वती आदि मौजूद रहे।