देवबंद (सहारनपुर)। प्राथमिक विद्यालय मिरगपुर के शिक्षक द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज करवाने की धमकी देने का ऑडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया।
इस विद्यालय में अध्यापक पद पर तैनात अनुसूचित जाति के एक शिक्षक की स्कूल में तैनात चपरासी के बीच किसी बात पर विवाद चल रहा है। बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए तीन मिनट की ऑडियो में अध्यापक ने चपरासी को धमकी देते हुए अपनी पहुंच देवबंद से लेकर मेरठ तक की अदालतों तक बताई। इतना ही नहीं वायरल ऑडियो में अध्यापक ने चपरासी को धमकते हुए कहा कि उसका स्कूल में घुसना बंद कर दिया जाएगा। उस पर एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज करवा दिया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। वायरल ऑडियो के संबंध में अध्यापक और संबंधित कर्मचारी से पूछताछ की जाएगी। वहीं, सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि अध्यापक और चपरासी के बीच विवाद के मामले की कोई जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।