सहारनपुर। एकल जीएसटी की मांग और खुदरा बाजार में विदेशी निवेश के विरोध में दिल्ली के जंतर मंतर मैदान पर व्यापारियों ने एक दिवसीय धरना दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन भी दिया गया। मंगलवार को दिल्ली में व्यापारियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम नारंग ने और फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव विपिन बंसल ने कहा कि व्यापारी समाज के लिए बेहद कठिन समय है। इसलिए मतभेद भुलाकर सभी व्यापारी संगठनों को एक मंच पर आना चाहिए। प्रधानमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि 14 माह बाद भी जीएसटी व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। हालांकि समय समय पर इसमें सुधार भी किए गए। लेकिन व्यापारियों की महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। धरने पर जनपद से खासे व्यापारी शामिल रहे।