जिले में 126 शत्रु संपत्ति चिन्हित
सहारनपुर। जिले में 126 शत्रु संपत्ति चिन्हित हुई हैं। इनको जल्द ही खाली कराया जाएगा और जो लोग इन पर काबिज हैं उसने किराया भी वसूला जाएगा। ये सम्पत्तियां शहर के साथ ही देहात के कई गांवों स्थित हैं। प्रशासन की लंबी कवायद के बाद जनपद में शत्रु संपत्ति का चिन्हीकरण हुआ है। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में इनकी संख्या 126 है। इनमें आवासीय से लेकर खेती तक की जमीन शामिल हैं। ये सम्पत्तियां गांव वाजिदपुर, समसपुर, नानौता, आलमपुर, गंगोह, बहेडा खास, इमलिया, भोजपुर, भिक्कनपुर, हलवाना, न्यामतपुर, सड़क दूधली आदि गांवों में स्थित हैं। इसके अलावा नगर और देवबंद सहित अन्य शहरों में शत्रु संपत्ति का चिन्हीकरण हुआ है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार ने बताया कि जनपद में 126 शत्रु संपत्तियों का चिन्हीकरण हुआ है। जल्द ही इन्हें खाली कराया जाएगा। जो लोग इन संपत्तियों पर काबिज हैं उनसे किराया भी वसूला जाएगा।