सहारनपुर। वृद्धा पेंशन के लिए 16 हजार आवेदन जिला समाज कल्याण विभाग के लिए जी का जंजाल बन गए है। इन आवेदकों ने दो से तीन बार ऑनलाइन आवेदन कर दिए, जिस कारण उनकी पेंशन नहीं आई। विभाग ने पोर्टल चेक किया तो खुलासा हुआ। अब दो दिन में सबका निस्तारण करने का लक्ष्य रखा है। ताकि आवेदकों को पेंशन मिल सके।
शासन की योजना है कि ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद पात्र व्यक्ति के खाते में 45 दिन के अंदर वृद्ध पेंशन आ जाए, लेकिन जिले में बड़ी संख्या में आवेदनकर्ताओं की पेंशन एक वर्ष बीतने के बाद भी नहीं आई, मोहल्ला छोटा इमाम बाड़ा निवासी भगवान दास और लिंक रोड निवासी संतोष कुमार ने पेंशन नहीं आने की शिकायत जिला समाज कल्याण विभाग में की। इसी तरह आए दिन अन्य आवेदनकर्ता भी पेंशन नहीं आने की शिकायत करते रहे। इस पर जिला समाज कल्याण विभाग ने पोर्टल चेक किया तो करीब 16 हजार आवेदन ऐसे मिले, जिनका दो से तीन बार ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया। जिस कारण पात्र होने के बावजूद विभाग उन फार्मों पर रिपोर्ट नहीं लगा पाया और आवेदनकर्ता की पेंशन नहीं आई। इनके निस्तारण के लिए विभाग ने दो दिन का लक्ष्य निर्धारित किया है। चार कंप्यूटर ऑपरेटर लगाए गए हैं, जो आवेदनों का मिलान कर कई-कई बार कराए पंजीकरण को निरस्त कर सही फार्म पर रिपोर्ट लगाकर शासन को भेजेगा।
एक-एक आवेदक ने दो से तीन बार वृद्धा पेंशन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करा दिया, जिस कारण उनके फार्म पर रिपोर्ट नहीं लग सकी। पोर्टल चेक करने पर इसका खुलासा है। विभाग दो दिन में सभी पंजीकरण सत्यापन कराकर शासन को रिपोर्ट भेज देगा। करीब तीन हजार आवेदकों ने बार-बार ऑनलाइन फार्म भरा है। -कृष्णा प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी।