कैराना की जीत पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न
सहारनपुर। कैराना उप चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशी तबस्सुम की जीत पर कांग्रेसियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जश्न मनाया। पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने कैराना में भाजपा प्रत्याशी की हार को लोकतंत्र की जीत बताया। कहा कि कैराना के उप चुनाव ने पूरे देश को संदेश देने का काम किया है।
चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेसी जिला कार्यालय पर इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत पर खुशी जताई। जिलाध्यक्ष शशी वालिया ने कहा कि गठबंधन प्रत्याशियों को उप चुनावों में मिल रही जीत 2019 के लिए शुभ संकेत है। साथ ही भाजपा की जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता में रोष है। उसने भाजपा प्रत्याशी को वोट न कर इसे जाहिर किया है। अब भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा जनता को हिंदू और मुसलमान में बांटकर राजनीति करती आई है। मगर कैराना उपचुनाव में हिंदू और मुस्लिमों ने एकजुटता के साथ तबस्सुम को जीताकर भाजपा को सबक सिखाया है। विधायक मसूद अख्तर और नरेश सैनी ने तबस्सुम हसन को बधाई दी। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री लियाकत अली, विवेक कांत सिंह, संदीप वर्मा, अशोक सैनी, इमरान कुरैशी, गणेश दत्त शर्मा, संजीव कौशल, मुकेश दीक्षित, राकेश मोंगा आदि मौजूद रहे।