सहारनपुर। भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण ने उनके समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे लोगों से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि उनकी रिहाई के लिए लोग अपनी जान जोखिम में न डालें।
बृहस्पतिवार को भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया ने जिला कारागार पहुंचकर चंद्रशेखर उर्फ रावण से मिले और सेहत की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर की तबियत डाक्टरों द्वारा चेक कराई गई है। चंद्रशेखर पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर ने भूख हड़ताल पर बैठे लोगों से अपील की है कि वे उनकी रिहाई के लिए भूख हड़ताल कर अपना जीवन संकट में न डालें। अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दें। महानगर अध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा कि जिस प्रकार जिले का प्रशासन शासन के दबाव में काम कर रहा है और दलितों का उत्पीड़न किया जा रहा है, उसे किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छह दिन से लगातार जेल में भूख हड़ताल पर बैठे चंद्रशेखर को नजरंदाज किया जा रहा है। भूख हड़ताल पर बैठे लोगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, उन्हें चिकित्सा उपलब्ध नहीं कराई जा रही। यह सोची-समझी साजिश चल रही है। जिला कारागार में रावण से मुलाकात करने वालों में कमल सिंह वालिया के साथ महानगर अध्यक्ष प्रवीण गौतम, मीडिया प्रभारी अजय गौतम, राजन गौतम, सचिन वालिया, दीपक, सचिन वालिया, अमित, शिवम, प्रवीण, टिंकू कपिल, जौनी शामिल रहे।