सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कलक्ट्रेट और तहसील सदर का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कहा कि वह पत्रावलियों का समुचित रख-रखाव करें। पीड़ितों का अनावश्यक रुप से परेशान ना किया जाए।
बुधवार को निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने रिकार्ड रूम देखा और कहा कि सीसीटीवी कैमरा सिस्टम लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की सर्विस बुक देखी, जिसमें कोई त्रुटि नहीं मिली। मंडलायुक्त ने रजिस्टार कानूनगो के दफ्तर में आरसी रजिस्टर देखा। कंप्यूटर से निकलने वाली पर्ची की रजिस्टर में एंट्री किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संग्रह अमीन को आरसी रजिस्टर बनाने के निर्देश दिए। कहा कि हर अमीन के रजिस्टर पर हस्ताक्षर व पूरा नाम होना चाहिए। एसडीएम न्यायालय निरीक्षण के दौरान पुरानी फाइलों को देखा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फाइलों पर मुहर ना लगाई जाए। उन्होंने पेशकार को निर्देश दिए कि नोट शीट प्रॉपर ढंग से लगाई जाए। जिलाधिकारी पीके पांडेय, अपर आयुक्त उदय राम, एडीएम(ई) एसके दुबे, एडीएम (एफ) विनोद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सहित सभी एसडीएम मौजूद रहे।