रामपुर मनिहारान/नकुड़ (सहारनपुर)। रामपुर मनिहारान के समाधान दिवस में बाजारों, स्कूल कालेजों और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटवाने की मांग की गई। जबकि, नकुड़ में आयोजित समाधान दिवस में ग्रामीणों ने नाई माजरा के राशन डीलर पर अभद्रता और कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने की मांग उठाई है।
रामपुर मनिहारान तहसील में मंगलवार को आयोजित समाधान दिवस में दलित समाज सेवा समिति के अध्यक्ष डा. नरेश पाल ने अधिकारियों को बताया कि रामपुर मनिहारान अतिक्रमण और जाम की समस्या से जूझ रहा है। दिल्ली रोड से लेकर बाजार, मंदिर, स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थल भी अतिक्रमण की समस्या से अछूते नहीं है। इससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने इसे हटवाने की मांग की।
उधर, नकुड़ के संपूर्ण समाधान दिवस में गंगोह थाना क्षेत्र के गांव नाईमाजरा निवासी नजमा पत्नी नाजिम ने ग्रामीणों के साथ दिए अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उनके नाम राशन वितरण सूची में होने के बावजूद उचित दर विक्रेता उन्हें राशन नहीं देता है। राशन मांगने पर गाली गलौच कर भगा देता है। डीलर ने दुकान पर न तो उपभोक्ताओं की कोई सूची लगा रखी है तथा न ही रेट लिस्ट या स्टाक बोर्ड लगाया हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार सप्लाई इंस्पेक्टर से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने राशन डीलर की निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का लाइसेंस निलंबित करने की मांग की है।