सहारनपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुई जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी ने शानदार जीत हासिल करते हुए विजेता बनी। रॉयल क्रिकेट एकेडमी की टीम उप विजेता बनी।
जिला ओलंपिक संघ के सहयोग से सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार को अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी और रॉयल क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल क्रिकेट एकेडमी की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18.3 ओवर में मात्र 83 रन पर सिमट गई। इनमें गौतम सिंह ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी की ओर से मयंक ने तीन, रमीज और प्रिंस ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी की टीम ने दस ओवर में ही तीन विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। शोएब ने शानदार 43 रन की पारी खेली, जबकि सुमित ने 12 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच मयंक को चुना गया। जबकि मैन ऑफ द सीरीज शोएब रहे। अंपायर तनवीर अहमद और सचिन राठौर रहे और स्कोरिंग नदीम ने की। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह रहे। उन्होंने विजेता और उप विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर डॉ. पीके शर्मा, डॉ. संदीप गुप्ता, विनीत मित्तल, डॉ. एके गुप्ता, सुधीर जोशी, रामकुमार, फुरकान कुरैशी, डॉ. आस्था गुप्ता, डॉ. रविंद्र राणा, विकास गुप्ता, गुलाब सिंह राणा, भावना तोमर आदि मौजूद रहीं।