साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। गन्ना पर्ची नहीं मिलने से क्षेत्र के किसान गेहूं बुआई में पिछड़ रहे हैं। किसानों का मानना है कि क्षेत्र की मिल बंदी से उन्हें गन्ने की फसल की चिंता सता रही है। क्रय केंद्रों की उन्हें नाममात्र की ही पर्चियां मिल पा रही है।
क्षेत्र की शाकंभरी शुगर मिल टोडरपुर गेट क्षेत्र के किसान अपने गन्ने की फसल को लेकर लगातार गन्ना समिति के चक्कर काट रहे हैं। वे अपने खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को लेकर चिंतित है कि आखिर वे अपनी फसल को कहां लेकर जाए। किसान योगेंद्र सिंह, सुखपाल, सर्वेश कुमार, बिजेंद्र सिंह, बिट्टू सिंह, केहर सिंह, रणजीत सिंह, अफजाल, माजिद, साजिद आदि का कहना है कि गन्ना क्रय केंद्रों की उन्हें पर्याप्त पर्चियां नहीं मिल रही है। गन्ने की पर्चियां न मिलने के चलते वे गेहूं बुआई में भी पिछड़ रहे हैं। किसानों का कहना है कि वे गन्ने की पर्चियों के लिए लगातार गन्ना समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन गन्ना समिति में कोई उनकी समस्या सुनने को तैयार नहीं है। न ही समिति में किसानों के लिए कोई पूछताछ केन्द्र संचालित किया जा रहा है।
उधर, गन्ना समिति बेहट के सचिव एसपी सिंह का कहना है कि गन्ना खरीद की कमी के चलते किसानों को परेशानी आ रही है। गन्ना खरीद बढ़ाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।