सहारनपुर। नगरीय निर्वाचन में बुधवार को हुए मतदान में कंट्रोल रूम पर दिन भर शिकायतों को तांता लगा रहा। कहीं से ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली तो कहीं पर अन्य समस्याएं। किसी मतदान केंद्र से वोट कटने की शिकायत आ रही थी और कोई मतदान करने के समय अंदर मोबाइल नहीं रखने देने के लिए परेशान था। कमिश्नर दीपक अग्रवाल एवं डीआईजी सुनील इमेनुअल और जिला निर्वाचन अधिकारी पीके पांडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार दिन भर मतदान केंद्रों का दौरा करते रहे।
मतदान के दिन कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम का टेलीफोन लगातार घनघनाता रहा। नगर निगम से लेकर जिले के अन्य नगरीय निकायों से शिकायतें आती रही। सुबह कई मतदान केंद्रों से ईवीएम नहीं चलने की शिकायतें आई। एसएएम इंटर कालेज में बने बूथ संख्या 175 में ईवीएम की खराबी की शिकायत आई। जिसको ठीक करने में काफी देर लगी। बूथ संख्या 167 में भी करीब 20 मिनट तक ईवीएम को सही करने में लगे। जेबीएस इंटर कालेज में बने बूथ संख्या 458 से भी ईवीएम में खराबी की शिकायत कंट्रोल रूम को मिली। वार्ड संख्या 44 के बूथ संख्या 324 पर दो बार ईवीएम खराब हुई। दोपहर 1.37 बजे तक इस बूथ पर 942 में से 496 वोट डाले गए थे। मतदाता ईवीएम को जल्द सही कराने की मांग करते रहे। बाद में मतदान चालू हुआ। बूथ संख्या 223 में मतदाताओं की अधिक भीड़ को देखते हुए एक अतिरिक्त मतदान कर्मचारी की मांग की।
नानौता के जनता इंटर कॉलेज में किसी महिला के नहीं होने से पर्दानशीं महिलाओं को होने वाले परेशानी से कंट्रोल रूम प्रभारी को अवगत कराया गया। जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारी से वार्ता कर वहां महिला कांस्टेबल का इंतजाम कराया। कमेला कालोनी स्थित मतदान केंद्र पर सुरक्षा बलों द्वारा करीब 11 बजे लाठी फटकाकर भीड़ को नियंत्रित किया। नानौता के इस्लामिया इंटर कॉलेज में पोलिंग एजेंटों के आपस में भिड़ने की शिकायत पर फोर्स ने लाठियां फटकारीं। शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ. आरडी द्विवेदी और उनकी टीम के सदस्य संबंधित अधिकारियों को सूचनाएं देते रहे।
प्रेक्षक ने किया दर्जन भर से अधिक मतदान केंद्रों का दौरा
सहारनपुर। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भेजे गए प्रेक्षक और वाणिज्यकर आयुक्त मुकेश मेश्राम ने दिन भर दर्जन भर से अधिक मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के जेवी जैन कॉलेज, मवीकलां, रेनबो स्कूल, सोफिया स्कूल, गुरुनानक ब्वायज इंटर कॉलेज, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, नगर निगम कार्यालय, गुरुद्वारा रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्रों का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत रामपुर मनिहारान, नानौता आदि में भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान को देखा।