सहारनपुर। टूटी सड़कों और जगह-जगह से खुले डिवाइडर को बंद कराने की मांग लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज एंड बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारी सोमवार को विकास प्राधिकरण के वीसी से मिले। उन्होंने छह सूत्रीय मांग पत्र वीसी के समक्ष रखते हुए समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष संजीव शर्मा ने वीसी को बताया कि तमाम ट्रांसपोर्टर टीपी नगर में शिफ्ट हो गए हैं, मगर वहां की टूटी सड़कें परेशानी का सबब बन रही है। सड़कों को अतिशीघ्र दुरुस्त कराया जाए। देहरादून रोड पर डिवाइडर बनाने में नियमों का पालन नहीं किया गया है। हर 50 से सौ मीटर पर डिवाइडर के बीच रास्ते खोले गए हैं, जो किसी दिन बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। ऐसे रास्तों को बंद कराया जाए। डिवाइडर के बीच लगे खंभों पर लगी लाइटों को ठीक कराने, महाराज सिंह कॉलेजसे हरेटी चौक पर सड़क के बीच लगे खंभे हटवाकर साइड में लगवाने, ट्रैफिक सिग्नल को चालू कराने तथा टीपी नगर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने की भी मांग रखी।